
मैहर के त्रिकूट पर्वत पर विराजीं मां शारदा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को अगले 13 दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दर्शनार्थियों के लिए यहां चलने वाली रोप-वे की सेवा 18 सितंबर से 30 सितंबर तक बंद रहेगी। श्रद्धालुओं को 1063 सीढ़ियों से चढ़कर ही मां शारदा के दर्शन कर अपनी इच्छा पूरी करनी पड़ेगी।
3 अक्टूबर से नवरात्रि शुरू
दरअसल, शारदीय नवरात्रि 3 अक्टूबर से शुरू होने वाले हैं। इसी को देखते हुए 30 सितंबर तक रोप वे का मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते रोपवे का संचालन बंद किया गया है। मैहर में 12 महीना भक्तों के आने का सिलसिला लगा रहता है।
शारदीय नवरात्रि के दिनों में मैहर स्थित आदिशक्ति मां शारदा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर में माता के दर्शन के लिए 1063 सीढ़ियां चढ़कर जाना होता है। ऐसे में लोगों की सुविधा और समय की बचत के लिए रोपवे का संचालन किया जाता है। जिससे कुछ ही देर में दर्शन के लिए नीचे से ऊपर पहुंच जाते हैं। इस रोप वे का समय-समय पर मेंटेनेंस करवाना होता है। आने वाले दिनों में ज्यादा भीड़ का अंदाजा होने से नवरात्रि से पहले मेंटेनेंस का काम करवाया जा रहा है।