मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डोमरी में होने वाली शिव महापुराण कथा में भी जा सकते हैं। इससे पहले वह देव दीपावली पर होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों ने डोमरी का दौरा किया और व्यवस्थाओं को जाना।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की सुबह करीब पौने बारह बजे गोरखपुर से राजकीय चार्टर विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, विधायक नीलकंठ तिवारी, जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, शैलेश पांडे सहित कई भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री झारखंड की चुनावी जनसभा में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक डोमरी में होने वाली शिव महापुराण कथा को सुनने के लिए मुख्यमंत्री आ सकते हैं। हालांकि यह अभी नहीं तय है कि 20 से 26 नवंबर के बीच मुख्यमंत्री कब आएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला कथास्थल पर उच्च स्तरीय तैयारियों में जुट गया है। वहीं, दूसरी ओर देव दीपावली पर उनके आने की तैयारियां प्रशासन ने अभी से कर ली है। देव दीपावली से संबंधित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए यूपी सरकार के कई मंत्री भी आ सकते हैं।