शारदीय कांवड़ यात्रा जैसे-जैसे अपने चरम की ओर बढ़ रही है, वैसे-वैसे हरिद्वार–नजीबाबाद हाईवे पर शिवभक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। आज कांवड़ यात्रियों का एक जत्था निर्धारित रूट को मानने से इनकार करते हुए चंडी पुल से जाने की जिद पर अड़ गया। इस पर विवाद हो गया।

ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार कांवड़ यात्रियों का एक जत्था निर्धारित रूट को मानने से इनकार करते हुए चंडी पुल से जाने की जिद पर अड़ गया। इस पर पुलिस कर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच नोंकझोंक हो गई। समझा-बुझाकर किसी तरह फिर दूसरे रूट से ही उन्हें भेज दिया गया। इस बीच हाईवे पर जाम की स्थिति भी बन गई।
सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर आए कांवड़ यात्री तिरछे पुल पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के तहत पूर्व निर्धारित मार्ग से जाने के निर्देश दिए लेकिन वह चंडी पुल की ओर से सीधे हरिद्वार शहर में प्रवेश करने की जिद पर अड़ गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें काफी देर तक समझाने का प्रयास किया और रूट डायवर्जन का हवाला दिया।
इस बीच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच सड़क पर खड़े होने के कारण अंजनी चेक पोस्ट पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें सुरक्षा कारणों और व्यवस्था का हवाला देते हुए बमुश्किल शांत कराया। कड़ी मशक्कत के बाद कांवड़ यात्रियों को तिरछे पुल से गौरीशंकर पार्किंग की ओर रवाना किया गया। चंडी चौकी प्रभारी नवीन चौहान ने बताया कि यात्रियों को भेजते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई।