बोहरी गांव स्थित भगवान परशुराम और मां रेणुका के मंदिर में ग्यास पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। देवचिह्नों के शाही स्नान कर लौटने पर श्रद्धालुओं ने देव दर्शन किए। इस दौरान लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक समा बांधे रखा। ग्यास पर्व पर बोहरी गांव में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई थी। भगवान परशुराम व माता रेणुका की पालकियों को मंदिर के गर्भगृह से बाहर लाकर गांव से कुछ दूरी पर स्थित बोईतोगी नामक स्थान पर शाही स्नान कराया गया। इसके बाद पालकियों को मंदिर में विराजमान कराया गया। श्रद्धालुओं ने देव दर्शन कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके पहली रात को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध गायक कुलदीप शर्मा, किशन निराला, सीताराम शर्मा, राजेंद्र सिंह बिष्ट, भगत सिंह राणा ने हिमाचली नाटी के साथ जौनसारी हारुल पर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।