गंगा आरती ट्रस्ट की ओर से पूर्णानंद घाट, जानकी पुल पर महिला गंगा आरती में गंगा की आरती, मंत्रोच्चार और दीपदान के साथ साल 2025 का स्वागत किया।बुधवार की शाम गंगा आरती देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां गंगा की आरती की गूंज से पूरा पूर्णानंद घाट भक्तिमय हो उठा। गंगा आरती के साथ देश और समाज के सुख-समृद्धि की कामना की गई। उधर स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन में नववर्ष के अवसर पर गंगा के पावन तट पर विश्व शांति और मानवता के कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना और यज्ञ का आयोजन किया गया। आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती के सान्निध्य में सैकड़ों साधकों ने यज्ञ में सहभाग किया। स्वामी ने वसुधैव कुटुम्बकम् का संदेश दिया। साध्वी ने कहा कि हमारा जीवन केवल व्यक्तिगत सुख और संतोष के लिए नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा के लिए है। परमार्थ निकेतन में आयोजित पांच दिवसीय रिट्रीट के समापन पर विश्व के 15 से अधिक देशों से आए साधकों ने योग, ध्यान, यज्ञ, गंगा आरती, स्नान और सत्संग का आनंद लिया।