पथरी। रविवार रात करीब आठ बजे मिस्सरपुर स्थित राधिका कॉलोनी में तीन हाथी घुस गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की तरफ निकल गए। ग्रामीणों ने वन विभाग से रात्रि गश्त करने की मांग की है। स्थानीय निवासी राजेश सैनी, पंकज चौहान, मनोज सैनी व सचिन कुमार ने बताया कि काॅलोनी में रात को करीब आठ बजे तीन हाथी घुस आए। उन्हें देखकर ग्रामीण डर गए। इसकी सूचना वन विभाग को दी। काॅलोनी की गलियों में करीब दस मिनट तक हाथियों ने चहल कदमी की। इसके बाद जंगल की तरफ चले गए। इस दौरान ग्रामीणों ने वीडियो भी बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इन दिनों में खेतों में गन्ने की फसल होने से हाथियों का आवासीय बस्ती की तरफ रुख करने की अधिक संभावना रहती है।वन क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया दस मिनट बाद हाथी काॅलोनी से निकलकर जंगल की तरफ चले गए। हाथियों ने किसी तरह का नुकसान नहीं किया है। हाथियों के मूवमेंट पर वन विभाग की टीम नजर बनाए हुए है।