वाराणसी नगर निगम सदन भवन की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रखेंगे। करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन का निर्माण 15 महीने में पूरा होगा।

आगामी काशी दौरे पर नगर निगम सदन भवन की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों रखने की तैयारी है। इसके लिए नगर निगम ने प्रक्रिया तेज कर दी है। निगम मुख्यालय का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने वाला है। सिगरा स्थित मुख्यालय परिसर में जर्जर हो चुके पुराने भवनों को ध्वस्त कर यहां भव्य और हाईटेक नगर निगम सदन भवन का निर्माण किया जाएगा।
करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन का मॉडल विशेष रूप से काशी और गंगा की थीम पर आधारित है। इसकी बाहरी बनावट शिवलिंग की आकृति जैसी नजर आएगी। वर्तमान में इसे जी-प्लस फोर (चार मंजिला) स्तर पर निर्मित किया जा रहा है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर है।
वैश्विक पटल पर बनारस की नई पहचान
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प से काशी का चहुंमुखी कायाकल्प हो रहा है। सिगरा स्थित नगर निगम का यह नया सदन भवन न केवल अधिकारियों और पार्षदों के लिए एक आधुनिक कार्यस्थल बनेगा, बल्कि अपनी भव्य काशी-गंगा सांस्कृतिक थीम के कारण यह वैश्विक पटल पर बनारस की नई पहचान और विकास का मील का पत्थर साबित होगा। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सुशासन का प्रतीक बनेगा, जहां। एक ही छत के नीचे डिजिटल तकनीक और पौराणिक परंपराओं का संगम दिखेगा।