देव दीपावली के अवसर पर देश ही नहीं विदेशों से भी पर्यटक और सैलानी काशी में भव्य आयोजन देखने आए थे। शाम से देर रात तक घाटों पर चहलकदमी होती रही। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए मिर्जापुर और कैथी से भी नाव मंगवाए गए थे।

देव दीपावली पर गंगा में देर रात तक नौकाओं का संचालन होता रहा। अस्सी से राजघाट के बीच 2200 से अधिक नाव, बजड़ों और क्रूज पर सवार होकर पर्यटकों ने देव दीपावली की भव्यता का दीदार किया। पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए बाहर से भी नाव और नाविकों को बुलाया गया था। देर रात तक दो लाख से अधिक पर्यटकों ने नौका संचालन का आनंद लिया। नाव पर सवार पर्यटक बीच-बीच में हर-हर महादेव का उद्घोष भी कर रहे थे।