देव दीपावली को लेकर महीनों से जिला प्रशासन और संबंधित विभाग तैयारियां कर रहा था। शुक्रवार को नमो घाट फेज 2.0 का उद्घाटन होते ही लोगों ने हर-हर महादेव और हर-हर मोदी का उद्घोष किया।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार की शाम उत्तरवाहिनी गंगा के किनारे दुनिया के सबसे बड़े और सुंदर नमो घाट का उद्घाटन किया। साथ ही स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देव दीपावली स्वदेशी दीप, देश की मिट्टी, तेल और रुई का अनूठा मेल है। वैश्विक व्यापार में भी हमें स्वदेशी भावना को विचार में रखना चाहिए। नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर है। 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य रखा गया है। इस बड़े यज्ञ में हर भारतीय को योगदान देना होगा। उपराष्ट्रपति ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने हमें बार-बार याद दिलाया है। बताया है कि हमारी सांस्कृतिक जड़ें ही हमारे वर्तमान और भविष्य का आधार हैं। इसे संरक्षित रखने का दायित्व हम सभी का है।