लैंसडौन। श्री कालेश्वर महादेव का वार्षिक पूजा समारोह तीन से पांच जून तक होगा। इससे पहले श्री कालेश्वर महादेव की चल विग्रह डोली को 17 मई को हरिद्वार में अन्य देव डोलियों के साथ गंगा स्नान कराया जाएगा। इसके बाद देवताओं और श्रद्धालुओं को वार्षिक पूजा में आमंत्रित किया जाएगा। मान्यताओं के अनुसार श्री कालेश्वर महादेव, बिनसर महादेव समेत पांच भाई माने जाते हैं। मगर इस बार कालेश्वर महादेव का मिलन ताड़केश्वर महादेव, एकेश्वर महादेव और मुंडनेश्वर महादेव से होगा। श्री कालेश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश ध्यानी व सचिव संजय कनौजिया ने बताया कि 17 मई को कालेश्वर महादेव की चल विग्रह डोली हरिद्वार में स्नान करने के बाद सिद्धबाबा मंदिर धोबीघाट पहुंचेगी। 18 मई को डोली यात्रा ढौटिंयाल महादेव चमेठा, मधुगंगेश्वर महादेव व नव दुर्गा मंदिर चाई आदि, 19 मई को ताड़केश्वर महादेव, भैरव मंदिर मोहरा व रधुनाथ मंदिर जयहरीखाल, 20 मई को दंगलेश्वर महादेव, मुंडनेश्वर महादेव, ज्वालपा देवी व एकेश्वर महादेव का भ्रमण करेगी।