कुरुक्षेत्र। उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर धर्मनगरी में 12 ज्योतिर्लिंगों के साथ भगवान भोले नाथ की बारात निकाली गई, जिससे पूरा माहौल शिवमयी हो उठा। चारों ओर बम बम बोले के जयकारे गूंजते रहे तो हर कोई शिव के रंग में रंगा रहा। भोले की बारात को लेकर लोगों में जोरदार उत्साह बना रहा और जगह-जगह विभिन्न संस्थाओं की ओर से स्वागत किया गया। स्थानेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जहां विधायक सुभाष सुधा ने भगवान भोलेनाथ की बरात को हरी झंडी देकर रवाना किया तो वहीं दूसरी ओर दुखभंजन महादेव मंदिर से निकाली गई भगवान भोलेनाथ की बरात को पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्थानेश्वर महादेव मंदिर की ओर से निकाली गई भगवान भोलेनाथ की बरात मंदिर परिसर से शुरू होकर झांसा रोड से होते हुए छोटे बाजार में पहुंची और कच्चे घेर से वापस गऊशाला बाजार से होते हुए मंदिर में वापस पहुंची। शहर में कई जगहों पर भगवान भोलेनाथ की बरात का स्वागत किया गया। इस बरात में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
झांकियों ने मोहा शिव भक्तों का मन
भगवान भोले की बारात में कई आकर्षण शामिल झांकियां थी, जिनमें राम जी की सेना, बर्फ का शिवलिंग, अघोरी नृत्य, लुधियाना की रंगोली और रंगीन आतिशबाजी ने शिवभक्तों का मन मोह लिया।