महाशिवरात्रि के महापर्व पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं। शिव-पार्वती विवाह उत्सव के बीच 44 घंटे तक लगातार दर्शन होंगे, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

महाकाल की नगरी उज्जैन इन दिनों ब्याह के घर की तरह सजी हुई है। महाकाल मंदिर में शिव-पार्वती विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भक्तों को शनिवार रात 2.30 बजे का इंतजार है, जब मंदिर के पट खुलेंगे और वे त्रिलोकीनाथ भगवान महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे।

महाशिवरात्रि पर्व के तहत शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खोले जाएंगे, जो 16 फरवरी की रात 11 बजे बंद होंगे। इस दौरान लगातार 44 घंटे भक्तों को महाकाल के दर्शन होंगे और गर्भगृह में महापूजा संपन्न होगी। बाबा महाकाल को सवा मन फल-फूलों से बने मुकुट (सेहरा) से सजाया जाएगा।

यह है पूरी व्यवस्था

  • शनिवार रात 12 बजे कर्कराज पार्किंग से मंदिर प्रांगण में दर्शन करने आए भक्तों की कतार लगनी शुरू होगी।
  • रात 2.30 बजे गर्भगृह के पट खोले जाएंगे। इसके बाद महाकाल की भस्म आरती की जाएगी।
  • रविवार तड़के 4.30 बजे से दर्शन का सिलसिला शुरू होगा। भगवान पर जलधारा अर्पित की जाएगी।
  • सुबह 7.30 बजे बाल भोग और सुबह 10.30 बजे भोग आरती होगी।
  • दोपहर 12 बजे तहसील तथा शाम 4 बजे होलकर और सिंधिया स्टेट की ओर से पूजा होगी।
  • रात 11 बजे महानिशाकाल में महाकाल की महापूजा शुरू होगी, जो रातभर चलेगी।
  • सोमवार तड़के 4 बजे भगवान को फल व फूलों से बने मुकुट से सजाया जाएगा।
  • सुबह 5 से 10 बजे तक मुकुट दर्शन तथा दोपहर 12 बजे भस्म आरती होगी।
  • दोपहर 2.30 भोग आरती के बाद महापर्व संपन्न होगा। पुजारियों का पारणा कराया जाएगा।
  • इसके बाद नित्य नैमित्तिक क्रम से पूजा-अर्चना होगी, रात 11 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

किसे, कहां से मिलेगा प्रवेश

  • सामान्य दर्शनार्थी : कर्कराज पार्किंग से भील समाज की धर्मशाला, चारधाम मंदिर, शक्तिपथ के रास्ते श्री महाकाल महालोक से मंदिर में प्रवेश करेंगे।
  • शीघ्र दर्शन टिकट : 250 रुपए के शीघ्र दर्शन टिकट वाले श्रद्धालुओं को सम्राट अशोक सेतु और बड़े गणेश मंदिर के सामने वाले द्वार से प्रवेश कराया जाएगा।
  • वीवीआईपी : प्रोटोकाल के तहत आने वाले वीवीआईपी तथा पासधारी भक्तों को बेगमबाग मार्ग स्थित नीलकंठ द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand