अयोध्या। रामलला के दर्शन के लिए जूम एयरलाइंस ने भी दिल्ली-अयोध्या के बीच बुधवार से विमान सेवा शुरू कर दी है। एयरलाइंस का विमान यात्रियों को लेकर यहां पहुंचा। जूम एयरलाइंस ने कुछ समय पहले सेवाएं बंद कर दी थीं, लेकिन श्रीराम की नगरी से उसने फिर विमान सेवा शुरू की है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाले विमानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो की रूटीन फ्लाइटें लगातार उड़ान भर रही हैं। कोलकाता, दिल्ली और बंगलुरू से एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान यात्रियों का लेकर पहुंचा। दिल्ली और मुंबई से इंडिगो का विमान यात्रियों को लेकर आया। दिल्ली और मुंबई से आने वाले विमान एयरपोर्ट पर आधे घंटे देर से उतरे। कुल छह विमान एयरपोर्ट पर उतरे। विमान से आने वाले यात्रियों की संख्या पहले जैसी ही है।
अयोध्या। स्पाइसजेट एयरलाइंस ने अयोध्या हवाई अड्डे से उड़ान की तैयारी कर ली है। एक फरवरी से यहां से विमानों की उड़ान शुरू हो जाएगी। स्पाइसजेट का विमान दिल्ली से सुबह 10:40 बजे उड़ेगा और 12 बजे अयोध्या पहुंचेगा। यहां से 8:40 बजे उड़ान भरकर 10 बजे दिल्ली पहुंचेगा। एयरलाइंस दिल्ली के साथ ही सात अन्य शहरों को अपनी विमान सेवा से अयोध्या को जोड़ेगा। अयोध्या से उड़ान के लिए एयरलाइंस ने गोरखपुर से दिल्ली और गोरखपुर से मुंबई के लिए उड़ानें दो महीने के लिए बंद कर दी हैं। एयरलाइंस ने विमानों के साथ कर्मचारियों को अयोध्या शिफ्ट कर दिया है। बताया गया है कि एक अप्रैल से एयरलाइंस गोरखपुर से उड़ान फिर शुरू कर सकता है।