कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी स्थित देश के एकमात्र श्रीकृष्ण संग्रहालय में पर्यटक श्रीकृष्ण की हर लीला, स्वरूप व उनके दिए संदेश से रूबरू हो रहे हैं लेकिन अब यहां पहुंचते ही रोमांच महसूस करने लगेंगे। श्री कृष्ण के साथ-साथ महाभारत से जुड़े कुछ खास प्रसंग भी उनकी जहन में ताजा होंगे, जिनके साथ ही इन पलों को भी वे यादगार के रूप में समेट सकेंगे। तय योजना सिरे चढ़ी तो अगले कुछ माह के बाद श्रीकृष्ण संग्रहालय परिसर में प्रवेश करते ही बदला हुआ नजारा दिखाई देने लगेगा। यहां छह खास सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, जिनमें श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप, सुदर्शन चक्र, अभिमन्यू चक्रव्यूह, श्रीकृष्ण अर्जुन रथ आदि दर्शाए जाएंगे। यही नहीं बाहर की ओर एक प्रदर्शनी गैलरी का भी निर्माण किया जाएगा, जिसमें श्रीकृष्ण के पूरे जीवन वृतांत को दर्शाया जाएगा। यही नहीं इस प्रदर्शनी में कोई भी संस्थागत व व्यक्तिगत तौर पर श्रीकृष्ण से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित कर सकेगा। संग्रहालय के परिसर को यह नया स्वरूप दिए जाने के लिए योजना पर कार्य किया जा रहा है और संभावना जताई जा रही है कि आचार संहिता खत्म होते ही इस पर तत्परता से कार्य शुरू किया जाएगा तो वहीं अगले कुछ माह के दौरान ही इसे पूरा भी कर लिया जाएगा।