यू.एस. के काउंसलर माइक हेंगी ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किए और नंदी जी के कानों में अपनी मनोकामना कही।

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर मे आज फाल्गुन कृष्ण पक्ष की सप्तमी पर शनिवार तड़के भस्म आरती हुई। इस दौरान चार बजे मंदिर के पट खुलते ही पण्डे पुजारी ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर फलों के रस से बने पंचामृत से कर पूजन अर्चन किया। प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को रजत का मुकुट और रुद्राक्ष व मखाने की माला धारण करवाई गई। आज के शृंगार की विशेष बात यह रही कि आज बाबा महाकाल का विशेष शृंगार तो किया ही गया था। वहीं भांग से शृंगार कर बाबा महाकाल के मस्तक पर वैष्णव सम्प्रदाय का तिलक भी लगाया गया था। इसके बाद बाबा महाकाल को आभूषण पहनाए गए और मिष्ठानो का विशेष भोग भी लगाया गया। बाद में बाबा महाकाल के ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढांककर भस्मी रमाई गई। भस्म आरती मे बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे जिन्होंने बाबा महाकाल के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महानिर्वाणी अखाड़े की और से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शनों का लाभ लिया। जिससे पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया।