साध्वी ऋंतभरा के षष्ठीपूर्ति मोहत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि और ज्ञानवापी विवाद का हल संघर्ष से नहीं संवाद से होगा।

वृन्दावन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि और ज्ञानवापी विवाद का हल संघर्ष से नहीं संवाद से होगा। प्रदेश की हर बड़ी समस्या का समाधान होगा। वे सोमवार को वात्सल्य ग्राम में साध्वी ऋंतभरा के षष्ठीपूर्ति महोत्सव में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आधी आबादी की सशक्ति के लिए क्या अभियान चलना चाहिए, उसका मूर्तरूप वात्सल्य ग्राम में देखने को मिल रहा है। महिलाएं लंबे समय से कुप्रथा की शिकार रहीं हैंं, लेकिन यहां बालिकाओं का सैनिक स्कूल खोले जाने से बच्चियां और सशक्त होंगी। उन्होंने कहा समाज को सशक्त और समर्थ होना है, तो नारी शक्ति की सुरक्षा, उनके सम्मान और स्वावलंबन के बिना संभव नहीं है। इसके लिए हम सभी को जुटना पड़ेगा।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि श्री राममंदिर के निर्माण में साध्वी ऋतंभरा के योगदान को भुलाया नही जा सकता। रामजन्म भूमि आंदोलन को उन्होंने धार देने का काम किया। भागदौड़ भरी जिंदगी में किसी के पास समय नहीं हैं, परंतु साध्वी ऋतंभरा ने समाज के उत्थान के लिए काम किया, वह राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाता है। उन्होेंने कहा कि हजारों विदेशी वृंदावन आकर यहीं के बनकर रह गए। क्यों कि यहां भगवान राधाकृष्ण की भक्ति और वातावरण में शांति इसका बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि साध्वी ऋतंभरा के कहने पर ही वृंदावन में वात्सल्य के इस आंगन में बालिकाओं के सैनिक स्कूल का लोकार्पण हुआ है। इस मौके जगदगुरू रामानंदाचार्य, राम भद्राचार्य, संत विजय कौशल महाराज, गुरु शरणानंद, गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, गुरु मां आनंद मूर्ति, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति आदि ने संबोधित किया।