मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में अगले पांच दिनों बहुत घना कोहरा छाने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने दिल्ली और इससे सटे हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए 31 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
इन दिनों दिल्ली एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत घने कोहरे और शीतलहर की मार झेल रहा है। कड़ाके की ठंड ने दिल्ली वालों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में गिरावट का संकेत दिया है। पारे में गिरावट के सथा ही पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं दिल्ली में भी सिहरन पैदा कर सकती हैं। प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री व अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक रही। 29 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे सफदरजंग में 200 मीटर और पालम में 50 मीटर दृश्यता दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण शुक्रवार को दिल्ली आने वाली कम से कम 11 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। घने कोहरे के चलते मौसम विभाग ने वाहन चालकों को फॉग लाइट का उपयोग करने और यात्रियों को एयरलाइंस, रेलवे और राज्य परिवहन के शेड्यूल के बारे में अपडेट रहने की सलाह दी है।