मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को देहरादून में शपथ लेने के बाद शाम छह बजे हरकी पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से गंगा पूजन किया और गंगा की पवित्रता एवं निर्मलता बनाए रखने की शपथ ली। दोबारा सीएम का दायित्व मिलने पर मां गंगा का आशीर्वाद लिया और राज्य की प्रगति की प्रार्थना की।पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को भारी बहुमत देकर दोबारा सत्ता सौंपी है। राज्य में किसी भी दल की लगातार दूसरी सरकार नहीं बनने के मिथक को तोड़कर भाजपा को अपार समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे पर सरकार खरी उतरेगी और प्रदेश के विकास में ऐतिहासिक काम किया जाएगा। भाजपा ने चुनाव से पूर्व जनता से जो वादे किए हैं उनको हर हाल में पूरा किया जाएगा। सरलीकरण, समाधान और विस्तारीकरण के मंत्र को लेकर राज्य को देश में विकास की दौड़ में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा। समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक को लाभान्वित किया जाएगा। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश जमदग्नि, विकास तिवारी, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, सभापति पंडित कृष्ण कुमार, महेंद्र पुरी, विधायक आदेश चौहान, मनोज गर्ग, आशुतोष शर्मा और स्वामी यतींद्रानंद समेत संत और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।