मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित अपने निवास के साथ-साथ उज्जैन में गोवर्धन पूजा में भाग लिया। भोपाल में पूजन के बाद सीएम ने ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि गोवर्धन जी की की परिक्रमा, पूजन कर प्रकृति, समस्त जीव जीवों के संरक्षण और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, संपन्नता की कामना की। भगवान श्री कृष्ण जी से प्रार्थना है कि हम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा का मतलब है प्रकृति की पूजा। पर्यावरण बचाने का प्रयास। भगवान ने यह धरती मनुष्य ही नहीं, बल्कि सभी जीवों जलचर, नभचर, थलचर, पेड़-पौधों के लिए बनाई, लेकिन मनुष्य ने पृथ्वी के अस्तित्व पर ही संकट की स्थिति बना दी है। इसलिए हमें अधिक से अधिक पौधरोपण करना होगा। उन्होंने कहा कि आज गोवर्धन पर्व के शुभ अवसर पर साथी वीडी शर्मा और डॉक्टर मोहन यादव व गणमान्य साथियों के साथ रूद्राक्ष का पौधा रोपा। शिवराज ने कहा कि पौधरोपण से बेहतर धरा को बचाने व मानव सेवा का कोई और कार्य नहीं है। आइये, हम सब पौधरोपण कर अपनी धरती व मानव जीवन को समृद्ध बनाएं। मुख्यमंत्री ने उज्जैन के त्रिवेणी संग्रहालय के पास स्थित बड़े रुद्रसागर में विधि-विधान से गोवर्धन_पूजा कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और मंगल के लिए प्रार्थना की।