हिमालय बचाओ और स्वच्छ भारत अभियान को लेकर गुरुवार को साहिया बाजार में जन जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें स्कूलों के साथ व्यापार मंडल और जन प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र को स्वच्छ बनाये रखने के साथ हिमालय को बचाने का संकल्प भी लिया। गुरुवार सुबह आयोजित जन जागरूकता रैली की शुरुआत मंडी परिसर से हुई। राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य चंद्रभूषण विश्वकर्मा ने समस्त छात्र छात्राओं, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों को हिमाचल बचाओ की शपथ दिलाई। उन्होंने क्षेत्र को साफ स्वच्छ रखने की अपील की। कहा कि यदि हम सब मिलकर यह संकल्प लेंगे, तो इसे पूरा करना मुश्किल नहीं होगा। इसके बाद मंडी परिसर से सम्पूर्ण साहिया क्षेत्र में रैली निकाली गई। इसमें शामिल छात्र छात्राओं और अन्य लोगों ने क्षेत्र को साफ एवं स्वच्छ बनाये रखने की अपील की। प्रगति बाल शिशु विद्या मंदिर, एलडी मैमोरियल, जूनियर हाईस्कूल, प्राथमिक विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, शिशु विद्या मंदिर, शिलगुर एकेडमी आदि स्कूलों के साथ व्यापार मंडल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बढ़चढ़ कर रैली में भाग लिया। छात्र छात्राओं ने हाथों में बैनर पोस्टर लिए स्वच्छता अभियान के नारे लगाते हुए पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। रैली में बचन सिंह चौहान, शिवी रानी, प्रीतम सिंह, दीपचंद गुप्ता, विनोद कुमार भसीन, मोहन लाल शर्मा, बलजीत आदि शामिल रहे।