उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलने के बाद भगवान महाकाल का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद बाबा का कुमकुम, मावा और भांग से आकर्षक श्रृंगार कर भस्म रमाई गई। बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के उद्घोष से गूंज उठा।