प्रसिद्ध रामकथा वाचक मोरारी बापू स्वस्तिक यात्रा के दौरान मंगलवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के बाद बापू शिप्रा नदी के रामघाट पहुंचे, जहां उन्होंने पूजन किया। इसके बाद वे रामकथा के आयोजन में शामिल हुए और हजारों श्रद्धालुओं को कथा सुनाई।

बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मोरारी बापू ने कहा कि महाकाल के दर्शन कर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज बाबा महाकाल ने प्रसन्न होकर दर्शन दिए और उनका आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। स्वस्तिक यात्रा के उद्देश्य पर बापू ने बताया कि यह यात्रा भगवान की प्रेरणा से शुरू हुई है। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य ने चार पीठों की स्थापना कर जिन स्थानों पर धर्म का प्रचार-प्रसार किया, उन सभी स्थानों पर वैदिक सनातन धर्म का संदेश पहुंचाना इस यात्रा का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ने का प्रयास है।

बापू की रामकथा सुनने के लिए आयोजन स्थल पर देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बापू के दर्शन किए और उनकी कथा का श्रवण किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि जैसे ही उन्हें उज्जैन में बापू की कथा होने की जानकारी मिली, उन्होंने यहां आने की योजना बना ली थी। उन्होंने कहा कि रामकथा सुनने के साथ बापू के प्रत्यक्ष दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand