बाबा विश्वनाथ के दर पर मत्था टेकने के बाद अनंत अंबानी ने काशी के अन्य मंदिरों में भी हाजिरी लगाई। इस दौरान वो भाव विभोर नजर आए।

उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी मंगलवार को काशी पहुंचे। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, मां अन्नपूर्णा, दुर्गा मंदिर और संकटमोचन मंदिर में दर्शन किए। विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मंदिरों में दान भी दिया।
अन्य मंदिरों में भी लगाई हाजिरी
अनंत अंबानी शाम 6:30 बजे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सप्तऋर्षि आरती में शामिल हुए। आरती के बाद वह मां अन्नपूर्णा मंदिर गए। गर्भगृह में 21 अर्चकों ने मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती का विशेष कुमकुम पूजन कराया। अनंत अंबानी ने मां को माला अर्पित कर आशीर्वाद लिया। महंत शंकर पुरी ने अनंत अंबानी को प्रसाद स्वरूप मां अन्नपूर्णा की चुनरी, स्फटिक माला और मां के स्वरूप वाली तस्वीर दी।
महंत ने मंदिर ट्रस्ट की ओर से संचालित सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों से उन्हें अवगत कराया। ट्रस्ट के सेवा कार्यों से वह काफी प्रभावित हुए। इसके बाद अनंत अंबानी करीब साढ़े आठ बजे दुर्गा कुंड स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचे। महंत कौशलपति द्विवेदी ने पूजन कराया। दर्शन पूजन और आरती की।
महंत ने उन्हें माता का चुनरी, भोग प्रसाद दिया। इसके बाद वह संकटमोचन में हाजिरी लगाए। उन्होंने हनुमान को तुलसी दल और प्रसाद चढ़ाकर दर्शन पूजन किया। इसके बाद वह संत रविदास घाट से मां गंगा का दर्शन किया।