कन्या कुमारी से विभिन्न कुंभ तीर्थ स्थानों का भ्रमण करते हुए हरिद्वार पहुंची कुंभ संदेश यात्रा मिशन इक्यावन -इक्यावन के कार्यकारी अध्यक्ष एम श्री निवास रेड्डी ने बताया कि ग्रामोदय संस्था के तत्वावधान में कुंभ संदेश यात्रा का आयोजन किया गया है।
शनिवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति, मान्यताओं और व्यवस्थाओं के पुनर्जागरण का यह एक अभियान है। जिसके तहत कन्या कुमारी से सात हजार किलोमीटर की यात्रा कर दिल्ली पहुंचें। वहां से हरिद्वार पद यात्रा करके पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के 72 साल बाद हम आज भी अंग्रेजी कैलेडर के अनुसार चल रहे हैं। जबकि हमारा भारतीय पंचांग हजारों वर्ष प्राचीन है। कुंभ संदेश यात्रा इसी प्रकार की सामाजिक, शैक्षिक विसंगतियों की ओर एक जनजागरण का प्रयास है।
मधुसूदन और डी वसंत ने कहा कि भारत की ग्रामीण अर्थ व्यवस्था आत्मनिर्भर भारत की सशक्त तस्वीर पेश करती थी। जिसका दो सौ वर्षों की गुलामी में पतन हो गया है। हम उसी आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करना चाहते हैं। कुंभ संदेश यात्रा के प्रवक्ता आचार्य अविनाश राय ने कहा कि हम भारत की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती तक आत्मनिर्भर, आधुनिक और भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत समृद्ध भारत की परिकल्पना करते हैं उसी को साकार करने का प्रयास कुंभ संदेश यात्रा है।