वृंदावन के श्रीबांके बिहारी मंदिर में अक्षय तृतीया के दूसरे दिन भी भारी भीड़ उमड़ी और करीब 2 लाख श्रद्धालुओं ने आराध्य के दर्शन किए। तपती गर्मी और भीड़ के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और पुलिस ने व्यवस्था बनाकर दर्शन कराए।

वृंदावन में अक्षय तृतीया के दूसरे दिन मंगलवार को भी श्रीबांकेबिहारी मंदिर में आराध्य के दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर के द्वार से संकरी गलियोें में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने श्रद्धालुओं को जगह-जगह रोक-रोककर मंदिर की ओर भेजा। श्रद्धालु तपती गर्मी के बीच भीड़ के दबाव को झेलते हुए मंदिर पहुंचे और आराध्य के दर्शन किए।
सोमवार को लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने के दूसरे दिन मंगलवार को भी तपती गर्मी में सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्तजन उमड़े पड़े। मंदिर के पट खुलने से पहले ही द्वार से लेकर बाजार तक भीड़ जमा हो गई। सुदूर क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं भीड़ के दबाव के बीच हाथों में प्रसाद और माला लिए आराध्य की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखे। भीड़ के दबाव और धक्कोंं के बीच करीब दो लाखों श्रद्धालुओं ने आराध्य के दर्शन किए।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा होल्डिंग एरिया बनाए गए। मंदिर में भीड़ का दबाव न होने इसे ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों ने होल्डिंग एरिया में कुछ समय के अंतराल में रोक-रोककर श्रद्धालुओं को मंदिर की ओर बढ़ाया। भीड़ में सर्वाधिक परेशानी बुजुर्ग, महिलाओं एवं बच्चों को हुई। श्रद्धालु बच्चों को कंधों बैठाकर मंदिर की ओर ले जाते दिखे। शाम के समय भी भीड़ कम नहीं हुई।
श्रीबांके बिहारी मंदिर हाईपावर्ड कमेटी के सदस्य सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर जहां लगभग तीन लाख भक्तों ने आराध्य के दर्शन का लाभ लिया। वहीं दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर आए। सुबह से शाम तक लगभग दो लाख भक्तों ने दर्शन किए।