गंगा घाटों और विश्वनाथ धाम में लगाए जाने वाले डिजिटल लॉकर में मोबाइल से लेकर सूटकेस तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। डिजिटल लॉकर के इस्तेमाल के लिए डिजिटल पेमेंट की सुविधा रहेगी।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का दर्शन और गंगा में आस्था की डुबकी लगाने वालों को अब अपने सामान की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। कपड़े हों या महंगे सामान, इन सबको सुरक्षित रखने के लिए सरकार विश्वनाथ मंदिर और घाट के आसपास डिजिटल लगेज लॉकर लगवाने जा रही है। डिजिटल लॉकर में मोबाइल से लेकर सूटकेस तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। डिजिटल लॉकर के इस्तेमाल के लिए डिजिटल पेमेंट की सुविधा रहेगी।
डिजिटल लगेज लॉकर में अपने कीमती सामानों और कपड़ों को रखकर आप बेफिक्र घाटों पर घूम सकेंगे और गंगा स्नान कर काशीपुराधिपति समेत अन्य मंदिरों में दर्शन कर सकेंगे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास और दशाश्वमेध घाट के पास भी डिजिटल लगेज लॉकर की सुविधा जल्द मिलेगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दशाश्वमेध घाट के पास दशाश्वमेध प्लाजा, गोदौलिया, टाउन हॉल और बेनियाबाग पार्किंग में डिजिटल लॉकर लगाए जाने का प्रस्ताव है।
उन्होंने जानकारी दी कि 225 डिजिटल लॉकर की सुविधा रहेगी, जिसमें छोटे, मध्यम, बड़े और एक्स्ट्रा लार्ज चार तरह के डिजिटल लॉकर उपलब्ध होंगे। इसमें मोबाइल, छोटे बैग, बड़े बैग और सबसे बड़े लॉकर में दो सूटकेस रखे जा सकेंगे।