Shiva's wedding procession was taken out with great pomp

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर सिद्धपीठ वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर से महंत राजगिरी महाराज के नेतृत्व में भव्य शिव बरात शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई।

शिव बरात वीरभद्र महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर वीरभद्र मार्ग, आवास विकास, कोयल घाटी, हरिद्वार मार्ग, क्षेत्र रोड, मुखर्जी मार्ग, रेलवे रोड, तिलक रोड होते हुए पुनः वीरभद्र मार्ग से मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। शिव बरात में फाइबर से निर्मित भव्य बैल पर भगवान शिव एवं माता पार्वती विराजमान रहे।

उनके पीछे भूत-पिशाचों के वेश में सजे कलाकारों की टोली आकर्षण का केंद्र बनी। सज रहे भोले बाबा निराले दूल्हे में जैसे भजनों पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा के दौरान हर ओर रंग-गुलाल उड़ता नजर आया।

शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, मां काली, हनुमान सहित अनेक आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर शिव बरात का स्वागत किया एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। शिव बरात के मंदिर परिसर पहुंचने पर महंत राजगिरी महाराज ने भगवान शिव एवं माता पार्वती का तिलक कर विधिवत स्वागत किया। इसके पश्चात बारात में शामिल सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand