साल 2026 के पहले दिन उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भस्म आरती और विशेष शृंगार के साथ नववर्ष की शुरुआत हुई। लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर सुख-शांति की कामना की। भस्म आरती में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी भी शामिल रहीं।

12 ज्योतिर्लिंगों में से एक उज्जैन के महाकाल मंदिर में साल 2026 के पहले दिन की शुरुआत लोगों ने भक्ति भाव में लीन होकर की। आज उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में नजारा देखते ही बन रहा था। नववर्ष के पहले दिन मंदिर में लाखों की संख्या में भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर अपने नये साल की शुरुआत की और बाबा महाकाल से नये साल में सफलता और सुख शांति की प्रार्थना की। इस मौके पर सुबह 4 बजे से होने वाली भस्म आरती में पंचामृत अभिषेक पूजन कर विशेष शृंगार किया गया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित आशीष शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में पौष माह शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर आज गुरुवार सुबह 4 बजे भस्म आरती हुई। इस दौरान वीरभद्र जी से आज्ञा लेकर मंदिर के पट खुलते ही पण्डे पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन अर्चन किया। उसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया।
पुजारियों और पुरोहितों ने इस दौरान बाबा महाकाल का आकर्षक स्वरूप में शृंगार कर कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट धारण कराया। उसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। आज के शृंगार की विशेषता यह थी कि आज बाबा महाकाल का भांग से शृंगार कर भस्म रमाई गई। बाबा महाकाल के इन दिव्य दर्शनों का लाभ हजारों भक्तों ने लिया और जय श्री महाकाल का जयघोष भी किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।