श्रावण माह के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती का आयोजन भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह 3 बजे भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेकर मंदिर के पट खोले गए और विशेष पूजा-अर्चना के साथ भस्म आरती की गई।
पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि श्रावण कृष्ण पक्ष की अष्टमी को हुई इस विशेष आरती में पहले गर्भगृह में स्थापित समस्त देवताओं की प्रतिमाओं का पूजन किया गया। इसके बाद बाबा महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत और फलों के रस से हुआ। पूजा के दौरान हरि ओम जल अर्पण के साथ पहली घंटाल बजाई गई। विशेष श्रृंगार में बाबा महाकाल को भांग से सजाया गया और मस्तक पर त्रिपुंड लगाया गया। कपूर आरती के पश्चात उन्हें नवीन मुकुट और गुलाब की माला धारण कराई गई।
महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। इस अद्वितीय दर्शन का लाभ लेने हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में उपस्थित रहे, जिससे संपूर्ण वातावरण “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। भस्म आरती के बाद विशेष महाआरती कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।