मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली गिरिराज पूजा के प्राकट्य स्थल गोवर्धन धाम में पूजा के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। गोवर्धन पूजा महोत्सव में देश-विदेश से आए श्रद्धालु भक्तों ने दीपावली के दिन गोवर्धन पर्वत की 21 किमी परिक्रमा लगाई। रात में मानसी गंगा के तट पर दीप दान किया।
शुक्रवार को विदेशी भक्तों की टोलियां गौड़ीय मठ आश्रम से गोवर्धन पूजा के लिए परिक्रमा मार्ग पर निकली तो गिरिराज जी धाम आस्था और भक्ति से सराबोर नजर आया। विदेशी महिला श्रद्धालु सिर पर दूध दही माखन, डलियों में पकवान के व्यंजन लेकर पर्वतराज गोवर्धन की पूजा करने तलहटी पहुंचीं। वहां दूध, दही, माखन, शहद, बूरा, गंगाजल, आदि जड़ी बूटियों से मिश्रण पंचामृत से अभिषेक किया। पूजा अर्चना के बाद गिरिराज महाराज को छप्पन भोग लगाए गए।