उज्जैन शहर के गदापुलिया क्षेत्र स्थित एक होटल में मुस्लिम डॉक्टर के हिंदू महिला के साथ ठहरने का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में पहचान से जुड़ी अनियमितता सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
दस्तावेज जांच में सामने आई अनियमितता
महाकाल पुलिस की मौजूदगी में होटल के रजिस्टर और दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में यह सामने आया कि डॉक्टर शाकिर हुसैन ने अपना सही पहचान पत्र होटल में जमा किया था, लेकिन महिला के पहचान पत्र के स्थान पर अपनी पत्नी के नाम का आईडी दिया गया था। इसी बिंदु को लेकर मामला गंभीर हुआ और पुलिस ने दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ की।महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया
पुलिस ने पूछताछ के बाद महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार महिला शादीशुदा है और उसके माता-पिता नहीं हैं। डॉक्टर उसका मित्र है और वह उसके साथ घूमने के लिए उज्जैन आई थी। पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस यह जांच कर रही है कि डॉक्टर शाकिर हुसैन ने महिला के आईडी के स्थान पर अपनी पत्नी का पहचान पत्र क्यों दिया। इसके साथ ही होटल के संचालन को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वह कब से संचालित हो रहा है और होटल में ठहरने वालों की सूचना नियमानुसार थाने को दी जाती है या नहीं।