भाजपा के एमएलसी विजय शिवहरे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को यमुना रिवर फ्रंट और बैराज का प्रस्ताव भेजा है। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी अपनी सहमति जताई है।

ताजनगरी में गोमती नदी की तर्ज पर यमुना किनारे रिवर फ्रंट बने। नाइट कल्चर विकसित हो। शाम को पर्यटक सैर-सपाटा करें। नौकायन का लुत्फ उठाएं। इस ख्वाब को साकार करने के लिए भाजपा के एमएलसी विजय शिवहरे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगरा में यमुना पर बैराज और रिवर फ्रंट बनाने का प्रस्ताव भेजा है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी एमएलसी विजय शिवहरे के यमुना रिवर फ्रंट प्रस्ताव पर सहमति जताई है। वह लोकसभा में भी यमुना पर बैराज बनाने की मांग उठा चुके हैं। शिवहरे का कहना है कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को प्रस्ताव भेजा है।
‘बैराज और रिवर फ्रंट ताजनगरी की जरूरत’
उन्होंने कहा कि नाली, सड़क, खड़ंजे तो जिंदगी भर बनाते रहेंगे, आगरा के लिए फिलहाल सबसे बड़ी जरूरत बैराज और रिवर फ्रंट है। टीटीजेड व अन्य कारणों से उद्योग धंधे उजड़ गए हैं। पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए यमुना रिवर फ्रंट आकर्षक विकल्प है। पहले बैराज फिर रिवर फ्रंट बने, इसके लिए दोनों सांसद, नौ विधायक एवं सभी एमएलसी मुख्यमंत्री के साथ बैठक करेंगे।