प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव की ओर से प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक न करने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव में अपराधियों को टिकट देकर मैदान में उतार रही है। इसीलिए उम्मीदवारों का सार्वजनिक तौर पर एलान नहीं किया जा रहा है। कहा कि अखिलेश यादव लाख कोशिश कर लें लेकिन यूपी में एक बार फिर से 300 से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।सिराथू विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद केशव शनिवार को पहली बार गृहनगर पहुंचे। यहां सिराथू स्थित अपने पैतृक आवास पर पत्रकारों से कहा कि सिराथू से वह नहीं बल्कि पार्टी के कार्यकर्ता और जनता चुनाव लड़ रही है। कहा कि केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन वाली सरकार ने गरीबों, किसानों, नौजवानों, व्यापारियों समेत सभी वर्गों के लिए काम किया है। आवास, शौचालय, बिजली, रसोई गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन वितरण आदि लाभाकारी योजनाओं से लाभान्वित प्रदेश की गरीब जनता भाजपा के साथ है। दावा किया कि चुनाव में सपा, बसपा कांग्रेस, लोकदल समेत सभी विपक्षी दल मिलकर लड़ लें फिर भी भाजपा कौशाम्बी की तीनों सीटें जीतने के साथ ही प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस मौके पर सांसद कौशाम्बी विनोद सोनकर, जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल आदि मौजूद रहे।
मां शीतला के दरबार में टेका माथा
केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को पत्नी राजकुमारी के साथ मां शीतला के दरबार में माथा टेक विजय का आशीर्वाद लिया। इससे पहले प्रत्याशी के रूप में प्रथम आगमन पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने दारानगर स्थित भाजपा नेता आद्या प्रसाद पांडेय के आवास पर पहुंच मुलाकात की। यहां से अपने आवास पहुंचे और मां धनपति देवी का आशीर्वाद लिया। कस्बे के ही निजी गेस्ट हाउस में व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव में सभी से सहयोग की अपील की। क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर सहयोग मांगा।
