पीलीभीत सांसद वरुण गांधी ने कहा कि इस समय देश का किसान बहुत परेशान है। एक तरफ उसे पेट्रोल-डीजल और बीज की महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है तो दूसरी तरफ उसे अपनी फसलों के लिए खाद की कमी का सामना भी करना पड़ रहा है। खुले बाज़ार में उसे वही खाद भारी कीमत पर खरीदनी पड़ रही है। ऐसे में यदि उसे अपनी फसलों की उचित कीमत नहीं मिल पाएगी तो किसान बर्बाद हो जाएगा…

वरुण गांधी खुलकर किसानों के साथ खड़े हो गये हैं। अब तक ट्विटर और अपने लेखों से किसानों की मांगों का समर्थन करते आ रहे वरुण गांधी शुक्रवार को सीधे फसलों की खरीद वाली मंडी में पहुंच गये। वहां उन्होंने फसलों की खरीद में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया और अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी फसलों की खरीद में भ्रष्टाचार हुआ तो वे उन्हें सीधे कोर्ट में घसीटेंगे और जेल भिजवाएंगे। वरुण गांधी के इस आक्रामक रुख से किसानों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है।

भाजपा सांसद वरुण गांधी शुक्रवार को मंडी पहुंचे। वहां उन्होंने सैकड़ों किसानों के बीच अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने कहा कि तरह-तरह के बहाने बनाकर किसानों की फसलों की खरीद नहीं की जाती है। मजबूर होकर किसानों को अपनी फसल औने-पौने दाम पर बिचौलियों को बेचना पड़ता है। इसके बाद यही बिचौलिए उसी फसल को खुले बाज़ार में ऊंची कीमत पर बेचते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि किसानों की फसलों में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है और यह भ्रष्टाचार फसल खरीद अधिकारियों और बिचौलियों की सहमति से किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand